Type Here to Get Search Results !

तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 58 वर्षीय वृद्ध की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद चौक स्थित लाइन मस्जिद मोड़ पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 58 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चिंतामन दास (58 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीडीह-भोराणडीहा (अजीडीह) गांव के निवासी थे। वह मांग-छान कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने लाइन मस्जिद मोड़ के पास चिंतामन दास को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 

हादसे की सूचना मिलते ही गिरिडीह नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने लाइन मस्जिद मोड़ और पदम चौक को कुछ समय के लिए जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया और आवागमन सामान्य हो सका।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है तथा ट्रक चालक को हिरासत में लेकर नगर थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।


इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.