Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह के बरगंडा में किराये के मकान में 17 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां किराये के मकान में रह रही 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले छात्रा ने अपने छोटे भाई को मोबाइल पर मैसेज भेजकर अपनी जान देने की मंशा जाहिर की थी।मृतका की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कासियाडीह निवासी परमेश्वर मंडल की पुत्री पूजा कुमारी मंडल के रूप में हुई है। वह कक्षा 11 की छात्रा थी और जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज स्थित लंगटा बाबा कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई और कोचिंग की तैयारी के लिए वह पिछले करीब आठ महीने से बरगंडा स्थित दीपक कुमार सिंह के मकान में किराये पर रह रही थी।जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे पूजा ने अपने छोटे भाई विशाल कुमार मंडल को मैसेज कर आत्महत्या करने की बात कही। 

मैसेज मिलते ही विशाल अपने दोस्तों के साथ तुरंत बरगंडा स्थित कमरे पर पहुंचा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर पूजा दुपट्टे से बने फंदे के सहारे झूलती हुई मिली। इसके बाद तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।मकान मालिक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सुबह पूजा की एक सहेली उससे मिलने आई थी, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर उसे शक हुआ। इसी दौरान पूजा का भाई भी वहां पहुंच गया। दरवाजा तोड़ने पर घटना का खुलासा हुआ।सूचना पाकर नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.