पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ थाना एवं हरलाडीह ओपी क्षेत्र में ईद-ए-मिलादुन्नबी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद दिखाई दे रहा है। गुरुवार को पीरटांड़ थाना प्रभारी दिपेश कुमार एवं हरलाडीह ओपी प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा अपने अपने थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस के जवानों ने पैदल मार्च करते हुए लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में त्योहार मनाने की अपील की।फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखना और लोगों को यह संदेश देना रहा कि पर्व के अवसर पर किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद फैलाने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। थाना प्रभारी व ओपी प्रभारी ने बताया कि ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व आपसी भाईचारे और सद्भावना का संदेश देता है, ऐसे में सभी समुदाय के लोग शांति और आपसी सहयोग के साथ पर्व को सफल बनाएं।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मार्ग में स्थानीय लोगों से संवाद भी किया और उन्हें अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही कहा कि किसी भी तरह की समस्या या शंका की स्थिति में लोग तुरंत पुलिस को सूचित करें।थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों से होकर यह फ्लैग मार्च गुजरा। मार्च में शामिल पुलिस बल की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का भरोसा और आत्मविश्वास और भी मजबूत हुआ।ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर पीरटांड़ थाना प्रशासन लगातार क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने के लिए पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को और भी कड़ा कर दिया गया है।