गोड्डा में पारिवारिक विवाद ने ली खौफनाक शक्ल – पत्नी की गला रेत कर हत्या के बाद पति ने फांसी लगाई, सास-ससुर घायल।
SHIKHAR DARPANFriday, September 05, 2025
0
गोड्डा,शिखर दर्पण संवाददाता।
गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के लाठीबाड़ी गांव में शुक्रवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 32 वर्षीय राजेंद्र पंडित ने पारिवारिक विवाद के बीच अपनी पत्नी ललिता देवी (28 वर्ष) की गला रेतकर हत्या कर दी। पत्नी को बचाने आए ससुर रामदेव पंडित और सास बिजली देवी पर भी उसने चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजेंद्र पंडित अपने घर पहुंचा और वहां से कुछ दूरी पर एक पेड़ पर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।बताया जाता है कि राजेंद्र पंडित दिहाड़ी मजदूर के रूप में दूसरे प्रदेश में काम करता था। करीब सात-आठ साल पहले उसकी शादी ललिता देवी से हुई थी और दोनों को दो संतानें हैं।
इनमें से एक बच्चा मात्र एक माह का है। पिछले दो वर्षों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। हाल ही में राजेंद्र घर लौटा था और शुक्रवार को अपनी पत्नी से मिलने ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी।घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। सदर अस्पताल में घायल सास बिजली देवी की गोद में ललिता का मासूम बच्चा सिसक रहा है। घायल दंपती का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, लाठीबाड़ी के मुखिया प्रतिनिधि सिमोन मरांडी ने कहा कि यह घटना पारिवारिक विवाद का नतीजा है, जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।