Type Here to Get Search Results !

गावां में चार दिन से लापता दो महिलाओं की हत्या के बाद उग्र प्रदर्शन, पुलिस पर लापरवाही का आरोप।

गावां,शिखर दर्पण संवाददाता।

गावां थाना क्षेत्र में दो महिलाओं की हत्या के बाद मंगलवार की सुबह स्वजनों और ग्रामीणों ने थाना गेट के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। मृतक महिलाओं के परिजनों ने आरोप लगाया कि गावां थाना पुलिस ने खोजबीन के दौरान पैसे की मांग की थी और पैसे नहीं देने पर मामले में लापरवाही बरती गई। परिजनों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि वे आरोपी को खुद सजा देने पर उतारू हो गए।बताया गया कि बीते गुरुवार को निमाडीह निवासी रिंकी देवी (32 वर्ष, पत्नी संतोष रविदास) और सोनी देवी (25 वर्ष, पत्नी धर्मेंद्र यादव) गोलगो जंगल में जानवरों के लिए पत्ता लाने गई थीं, जिसके बाद से वे लापता थीं। स्वजनों ने गावां थाना में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की खोजबीन के दौरान सोमवार को गदर पंचायत के महजपुर निवासी श्रीकांत चौधरी (25 वर्ष, पिता दशरथ चौधरी) को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए पुलिस को गोलगो जंगल में शव की जगह बताई। पुलिस ने जंगल के नाले से दोनों महिलाओं का सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद किया। जांच में सामने आया कि दोनों की गला घोंटकर हत्या की गई थी।पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्रीकांत चौधरी और सोनी देवी के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ माह पूर्व दोनों को रंगे हाथ पकड़ा गया था, जिसके बाद पंचायत ने 1.8 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। इसके बावजूद दोनों का संबंध जारी था। कॉल डिटेल्स की जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ।आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहले एक महिला की गला घोंटकर हत्या की और फिर पचास मीटर दूर दूसरी महिला को भी मार डाला।इस घटना के बाद से गांव में आक्रोश का माहौल है। मृतक सोनी देवी का पति दिल्ली से दो दिन पहले ही गांव लौटा है, जबकि रिंकी देवी का पति किसी मामले में जेल में बंद है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.