Type Here to Get Search Results !

सरिया पुलिस ने चोरी कांड का किया उद्भेदन, दो लोगों को किया गिरफ्तार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

सरिया थाना क्षेत्र में हुए एक बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार के आदेश पर गठित विशेष छापामारी दल ने दो अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके निशानदेही पर ₹35 हजार नगद और घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामला 21 अगस्त 2025 की रात का है, जब सरिया थाना क्षेत्र के पेठियाटांड़ निवासी कैलाश मंडल के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर ₹2.50 लाख नकद, सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, कपड़े और सूटकेस की चोरी कर ली थी। पीड़ित के आवेदन पर सरिया थाना कांड संख्या 150/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। तकनीकी अनुसंधान और छापामारी के दौरान पुलिस ने इस मामले में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार किया।जिसमें पहला नागेश्वर मंडल उर्फ नागो मंडल, पिता स्व. शिवदयाल मंडल, निवासी नगर केशवारी, थाना सरिया (गिरिडीह) एवं दूसरा प्रदीप पासवान, पिता स्व. लटरु पासवान, निवासी बालागोजी, थाना चकाई (जमुई, बिहार) शामिल है। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और साथ ही इस घटना में शामिल अन्य पांच अपराधियों के नाम भी बताए।

इनमें सुदेश पासवान उर्फ बाबू पासवान (डोमचांच, कोडरमा), मदन पंडित उर्फ चिंतामणि पंडित (बरवाडीह, सरिया), बालमुकुंद मंडल उर्फ बाली (अच्छुईयाटांड़, सरिया), बिनोद पासवान (मानाकोला, चकाई) और मुरारी पासवान (जमुई, बिहार) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि चोरी की वारदात में इन सभी की संलिप्तता है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि गिरफ्तार अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। नागेश्वर मंडल पर हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अवैध खनन और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे दर्जनों मामले दर्ज हैं। इसी तरह प्रदीप पासवान और अन्य अभियुक्त भी पहले कई गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं।छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बगोदर-सरिया) धनंजय राम, पुलिस निरीक्षक अजय कुमार, थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह, ओपी प्रभारी अमन कुमार, पु.अ.नि. योगेश कुमार महतो, स.अ.नि. श्रवण कुमार सिंह, गणेश लकड़ा सहित थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.