मजदूरों की जीत: मोंगिया पावर फैक्ट्री प्रबंधन को झुकना पड़ा, निकाले गए सुपरवाइजर को बहाल करने का लिखित आश्वासन।
SHIKHAR DARPANSunday, August 03, 2025
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
आखिरकार मोंगिया पावर प्राइवेट लिमिटेड, टुंडी रोड चतरो के फैक्ट्री प्रबंधन को मजदूरों की एकजुटता के आगे झुकना पड़ा। फैक्ट्री में कार्यरत और बिना किसी स्पष्ट कारण के कार्यमुक्त किए गए सुपरवाइजर नवीन पांडेय को फिर से काम पर बहाल करने का फैसला लिया गया है। प्रबंधन ने इस आशय का लिखित आश्वासन भी दे दिया है।ताराटांड निवासी नवीन पांडेय पिछले लगभग पांच वर्षों से मोंगिया पावर फैक्ट्री में सुपरवाइजर पद पर कार्यरत थे। कुछ दिन पूर्व उन्हें प्रबंधन द्वारा अचानक हटा दिया गया, जिसके खिलाफ उन्होंने असंगठित मजदूर मोर्चा से लिखित शिकायत की थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले ने संयुक्त रूप से आंदोलन छेड़ दिया।
मोर्चा के नेता कन्हाई पांडेय के नेतृत्व में फैक्ट्री गेट पर संवैधानिक धरना शुरू किया गया, जिसमें सैकड़ों मजदूरों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।लंबी बातचीत के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने वार्ता के लिए हामी भरी। वार्ता में माले के वरिष्ठ नेता पुरण महतो, राजेश सिन्हा, असंगठित मजदूर मोर्चा के कन्हाई पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अंततः फैक्ट्री के जीएम अमर यादव, लेदू सिंह, नरेंद्र सिंह और अमरदीप सिंह ने लिखित आश्वासन दिया कि नवीन पांडेय को पुनः पूर्ववत पद पर कार्य करने की अनुमति दी जाएगी।प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मामला गलतफहमी का परिणाम था और अब उसे दूर कर लिया गया है।इस सफलता ने मजदूर संगठन को नई ऊर्जा दी है और यह साबित किया है कि संगठित संघर्ष से न्याय संभव है।