प्रयागराज के संगम तट पर अचानक मचा भगदड़/14 लोगों की मौत, 50 से ज्यादा लोग घायल।
SHIKHAR DARPANTuesday, January 28, 2025
0
प्रयागराज,शिखर दर्पण समाचार।
प्रयागराज के संगम तट पर मंगलवार की रात अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की खबर है। वहीं 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। प्रशासन ने अभी तक मरने वालों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की है। स्वरूपरानी अस्पताल में अब तक 14 शव पोस्टमार्टम के लिए लाए जा चुके हैं।भगदड़ के बाद प्रशासन के अनुरोध पर सभी 13 अखाड़ों ने मौनी अमावस्या का अमृत स्नान रोक दिया था। हालांकि, बाद में अखाड़ों ने बैठक कर 10 बजे के बाद स्नान करने का फैसला लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर घटना की जानकारी ली। अब प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है और हेलिकॉप्टर से महाकुंभ की निगरानी की जा रही है।हादसे के तुरंत बाद 70 से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद संगम तट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संगम नोज इलाके में आम लोगों की एंट्री बंद कर दी गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रयागराज शहर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। इसके लिए शहर से सटे जिलों में प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है।