गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखण्ड बिहार बॉडर से चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमोरिया पंचायत के हांसीकोल गांव से पुलिस ने कुख्यात नक्सली छोटेलाल हांसदा को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। बताया जाता है कि सोमवार को चकाई सीआरपीएफ एवं चकाई पुलिस द्वारा बरमोरिया के जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था।इसी क्रम में उसे गिरफ्तार किया गया। इस बारे में जानकारी देते हुए चकाई थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से काम्बिंग ऑपरेशन चलाकर उसे हांसीकोल से गिरफ्तार किया गया। इस पर चकाई थाना में कांड संख्या 91 /18 के तहत मामला दर्ज है। इधर, पुलिस के वरीय अधिकारी गिरफ्तार नक्सली छोटेलाल हांसदा से पूछताछ कर रहे हैं। इस अभियान में चकाई थानाध्यक्ष राजीव कुमार ,एवं चकाई सीआरपीएफ कैंप के सहायक कमांडेंट अविनाश कुमार एवं बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवान शामिल थे।