Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, पालगंज का राज सरोवर बना आकर्षण का केंद्र।

पीरटांड़,शिखर दर्पण  संवाददाता।

लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा पीरटांड़ प्रखंड की सभी 17 पंचायतों में पूरे श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान प्रखंड के विभिन्न गांवों के नदी, तालाब और सरोवरों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी एवं उदयीमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।हर वर्ष की तरह इस बार भी पालगंज, मधुबन, खुखरा, चिरकी, हरलाडीह, बिशनपुर, कुम्हरलालो, चिलगा, कुड़को सहित प्रखंड के सभी पंचायतों में छठ पर्व की रौनक देखने को मिली।

पालगंज का राज सरोवर बना मुख्य आकर्षण
पालगंज स्थित ऐतिहासिक राज सरोवर में छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। यहां भव्य सजावट, आकर्षक लाइटिंग, तोरण द्वार और भगवान भास्कर की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बताया जाता है कि वर्ष 1985 से भक्त मंडल की ओर से नियमित रूप से घाट की साफ-सफाई और सजावट की व्यवस्था की जाती रही है। इस वर्ष भी भक्त मंडल की ओर से श्रद्धालुओं के बीच अर्घ्य के लिए दूध की व्यवस्था की गई थी। रविवार शाम और सोमवार सुबह हजारों श्रद्धालुओं ने राज सरोवर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।वही पालगंज स्वच्छता समिति की और से इस वर्ष विशेष रूप से तालाब की साफ सफाई करवाई गई।
मधुबन, खुखरा और कुम्हरलालो में भी दिखी रौनक
मधुबन बाजार सेवा समिति की ओर से जयनगर नदी तट पर छठ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। वहीं कुम्हरलालो के कुलमती नदी, खुखरा, हरलाडीह, मंडरो के दुधनियां और चिरकी समेत अन्य स्थानों पर भी छठ पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से घाटों पर भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस रही मुस्तैद
छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पीरटांड़ थाना अवर निरीक्षक जितेंद्र सिंह, खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह, मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल कुमार और हरलाडीह ओपी प्रभारी निराज कुमार अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ तैनात रहे। घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जवान सक्रिय नजर आए।
भव्य आयोजन के बीच प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
एक ओर जहां स्थानीय पूजा समितियों और ग्रामीणों के सहयोग से विभिन्न छठ घाटों पर बेहतर सजावट और व्यवस्थाएं देखने को मिलीं, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्था की कमी भी चर्चा का विषय रही। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि प्रखंड के छठ घाटों की साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष पहल नहीं की गई। अधिकांश व्यवस्थाएं स्थानीय समितियों और ग्रामीणों के भरोसे ही रहीं। कुल मिलाकर पीरटांड़ प्रखंड में छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.