गुणायतन में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के दौरान मुनि एवं आर्यिकाओं का मंगल पदार्पण।
SHIKHAR DARPANThursday, November 19, 2026
0
मधुबन,शिखर दर्पण संवाददाता।
तीर्थराज सम्मेदशिखरजी स्थित गुणायतन परिसर में आयोजित 108 मंडलीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के तीसरे दिन धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच उपाध्याय वृषभानंद महाराज एवं उपाध्याय विज्ञानंद महाराज ससंघ तथा आर्यिका प्रशांतमति माताजी ससंघ का मंगल आगमन हुआ। इस दौरान मुनि संधान सागर महाराज, मुनि सार सागर महाराज, मुनि समादर सागर महाराज एवं मुनि रूप सागर महाराज सहित श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रसंत मुनि प्रमाण सागर महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि मनुष्य के वास्तविक शत्रु बाहर नहीं, बल्कि उसके भीतर मौजूद क्रोध, मान, माया और लोभ हैं। इन कषायों पर नियंत्रण करके ही आत्मा को शांत और निर्मल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रज्ञा का अर्थ केवल ज्ञान सुनना नहीं, बल्कि उसे अपने आचरण में उतारना है।
मुनिश्री ने श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल परमात्मा का पुजारी बनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके बताए मार्ग पर चलना भी जरूरी है। सकारात्मक विचार, निर्मल भावनाएं और धर्म के अनुरूप आचरण ही वास्तविक सुख एवं आत्मशांति का आधार हैं। उन्होंने लोगों से अपनी इच्छाओं को सीमित रखने, कपट और छल से दूर रहने तथा जीवन में आत्मकल्याण को सर्वोच्च लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। वहीं उपाध्याय विज्ञानंद महाराज ने कहा कि सुख और शांति प्राप्त करने के लिए चित्त को शांत रखना और उसका सदुपयोग करना आवश्यक है। गुणायतन के राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन 'विद्यावाणी' ने बताया कि विधान के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।