अनुमति के बावजूद यात्रा रोके जाने पर भड़के विनोद सिन्हा, न्यायालय जाने का किया ऐलान//प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल, कहा—संयम को कमजोरी न समझे प्रशासन।
SHIKHAR DARPANTuesday, October 13, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
समाजसेवी सह भाजपा कार्यकर्ता विनोद सिन्हा ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए ‘जोहार वंदन अभिनंदन यात्रा’ को रोके जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन से विधिवत अनुमति मिलने के बावजूद यात्रा को रोक दिया गया। इस मामले को लेकर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाने और कानूनी लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विनोद सिन्हा ने प्रशासन की कार्रवाई को तानाशाहीपूर्ण बताते हुए कहा कि यात्रा निकालने के लिए नियमानुसार अनुमति प्राप्त थी। इसके बावजूद यात्रा को रोकना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि वे संविधान और कानून में विश्वास रखते हैं तथा टकराव की राजनीति में भरोसा नहीं करते। इसी कारण उन्होंने प्रशासन के फैसले के बाद संयम बरता। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके संयम और कानून के प्रति सम्मान को कमजोरी या लाचारी नहीं समझा जाना चाहिए।
विनोद सिन्हा ने आरोप लगाया कि यह पहली घटना नहीं है, जब अनुमति मिलने के बाद किसी कार्यक्रम को रोका गया हो। उन्होंने बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रम का जिक्र करते हुए भी प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि शांतिपूर्ण कार्यक्रमों को बार-बार रोकने के पीछे क्या कारण हैं और इसके लिए किसका निर्देश जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को लेकर वे न्यायालय की शरण लेंगे और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से प्रशासन के फैसले को चुनौती देंगे। उनका कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विनोद सिन्हा ने झंडा मैदान में जुटे लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि तमाम बाधाओं के बावजूद लोगों ने उत्साह और एकजुटता दिखाई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासनिक अड़चनों के बावजूद गिरिडीह के विकास और जनसेवा के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा।