Type Here to Get Search Results !

दुर्गा पूजा को लेकर नगर थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर रविवार को नगर थाना सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने की। इसमें विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि और पूजा समितियों के सदस्य शामिल हुए। बैठक में डीएसपी ने पूजा समितियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा, फायर सेफ्टी उपकरण, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश लाइन तथा अलग एंट्री और एग्जिट गेट की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने को कहा। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

पूजा समितियों के वालंटियर्स को पुलिस की ओर से पहचान पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में बेहतर समन्वय हो सके। बैठक में पानी, बिजली, ट्रैफिक व्यवस्था और प्रतिमा विसर्जन से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। डीएसपी ने कहा कि प्रशासन सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठा रहा है। उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा। ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों में दंडाधिकारी के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। मौके पर नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, ट्रैफिक इंस्पेक्टर डुगनु टोपनो समेत पुलिस पदाधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.