Type Here to Get Search Results !

लंबित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें, तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में संबंधित विभागों के तकनीकी पदाधिकारियों एवं विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक कर एससीए,डीएमएफटी, Untied सहित अन्य मदों के तहत संचालित विकास योजनाओं तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं की प्रगति एवं पूर्णता की स्थिति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में योजनावार भौतिक प्रगति, कार्यों की पूर्णता, लंबित मामलों तथा क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा गुणवत्ता से संबंधित अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की स्वीकृति का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ लक्षित क्षेत्र एवं आमजनों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे। उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं की समीक्षा करते हुए पूर्ण हो चुकी योजनाओं से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र निष्पादित करने तथा अपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य कारणों से बाधा उत्पन्न हो रही है, उनका संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान किया जाए। अनावश्यक पत्राचार एवं प्रक्रियागत विलंब से बचते हुए समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला योजना पदाधिकारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, तकनीकी अधिकारी एवं विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.