जमीन विवाद में बच्चे को लेकर पानी टंकी पर चढ़ा युवक, तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारे गए दोनों।
SHIKHAR DARPANThursday, October 22, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अजीडीह में गुरुवार को पारिवारिक जमीन विवाद और पत्नी से कहासुनी के बाद महादेव तिवारी अपने चार वर्षीय बच्चे को लेकर करीब 150 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया। सुबह करीब 10 बजे घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई शैलेन्द्र कुमार ने पानी टंकी पर चढ़कर युवक को समझाने की कोशिश की।
इसके बाद अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद भी मौके पर पहुंचे और मोबाइल फोन से युवक से बातचीत कर उसकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। पुलिस और प्रशासन की करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पानी टंकी के समीप युवक के गोतिया और स्थानीय लोगों के साथ बैठकर पारिवारिक जमीन विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत की गई। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों ने युवक के शराब के नशे में होने की बात कही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।