एक सप्ताह से लापता शुभम साव का शव बरामद, उसरी फॉल के पास पत्थरों के बीच मिला शव,मौत की वजह जांच में।
SHIKHAR DARPANSaturday, October 03, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के टुंडी रोड स्थित भोरंडीहा निवासी 28 वर्षीय शुभम कुमार साव का शव करीब एक सप्ताह बाद उसरी नदी वाटरफॉल के ऊपरी हिस्से में पत्थरों के बीच से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, शुभम 27 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे खाना खाने के बाद मोटरसाइकिल से गादी श्रीरामपुर स्थित श्री कृष्णा इंटरप्राइजेज में काम करने के लिए निकला था। काम खत्म होने के बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसके पिता किशोर प्रसाद गुप्ता ने मुफ्फसिल थाना में लिखित आवेदन देकर शुभम के लापता होने की सूचना दी थी। परिजनों के अनुसार, शुभम होंडा साइन मोटरसाइकिल संख्या JH-10BT-6800 से निकला था। वह ब्राउन रंग की टी-शर्ट, जींस और जूते पहने हुए था।
लापता होने के कुछ दिनों बाद उसकी मोटरसाइकिल ताराटांड़ थाना क्षेत्र के जंगल इलाके से बरामद की गई थी। इसके बाद पुलिस और परिजनों द्वारा उसकी तलाश लगातार जारी थी। शनिवार को एसडीपीओ जितवाहन उरांव के नेतृत्व में मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन और पुलिस टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान उसरी फॉल के ऊपरी हिस्से में पत्थरों के बीच शुभम का शव बरामद किया गया। स्थानीय मछुआरों ने भी शव को बाहर निकालने में पुलिस की मदद की। शुभम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से मौत हुई है, इसको लेकर पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।