गिरिडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत; पांच घंटे जाम रहा गिरिडीह-रांची मार्ग।
SHIKHAR DARPANMonday, October 12, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदडीहा में सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक एक दोस्त का जन्मदिन मनाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गिरिडीह-रांची मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब पांच घंटे तक आवागमन बाधित रहा। प्रशासन के आश्वासन के बाद मंगलवार तड़के करीब तीन बजे जाम हटाया गया।मृतकों की पहचान बदडीहा निवासी 22 वर्षीय सूरज तुरी, पिता प्रकाश तुरी, और तुलसी दास, पिता स्वर्गीय गुरु दास, के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।मृतक सूरज तुरी के पिता प्रकाश तुरी ने बताया कि उनका बेटा दूसरे प्रदेश में काम करता था। कुछ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी, जिसके कारण फिलहाल उसे काम के लिए बाहर नहीं भेजा गया था। सोमवार को सूरज अपने दोस्त तुलसी दास के साथ एक अन्य मित्र का जन्मदिन मनाने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदडीहा के पास अज्ञात मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।प्रकाश तुरी के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था। दुर्घटना में दोनों युवकों के हाथ कट गए थे और टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी बाइक करीब 50 मीटर दूर जा गिरी।
बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर गिरिडीह-रांची मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, सीओ जितेंद्र प्रसाद, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों को मुआवजे का भरोसा दिया गया। साथ ही दुर्घटना के बाद फरार हुए मालवाहक वाहन की तलाश कर चालक की पहचान करने और उसके खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद मंगलवार तड़के करीब तीन बजे जाम समाप्त हुआ।मृतक सूरज के पिता प्रकाश तुरी ने कहा कि उनकी पहली मांग दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान कर उसे पकड़ने की है, ताकि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो सके।मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हुई है। घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया था। पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुटी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।