Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 80 लाख की शराब जब्तबगोदर के विवेक//नगर में चार घंटे चली छापेमारी, तीन पिकअप वैन में लादकर ले जाई गई शराब; संचालक फरार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बगोदर के सरिया रोड स्थित विवेकनगर में संचालित अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। एक नवनिर्मित दो मंजिला मकान में चल रही इस फैक्ट्री से करीब 80 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं। करीब चार घंटे तक चली छापेमारी के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री का संचालक मौके से फरार हो गया।छापेमारी का नेतृत्व एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने किया। उन्होंने बताया कि विवेकनगर स्थित नंदू साव के नवनिर्मित मकान के अलग-अलग कमरों में कार्टून में बंद अंग्रेजी शराब की बोतलें रखी हुई थीं। टीम ने पूरे मकान की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में शराब और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। जब्त शराब को तीन पिकअप वैन में लादकर ले जाया गया।

एसडीपीओ धनंजय कुमार राम के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यहां अवैध तरीके से अंग्रेजी शराब तैयार कर दूसरे राज्यों में इसकी आपूर्ति की जाती होगी। हालांकि, इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जाती थी, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने कार्रवाई को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान अवैध शराब का निर्माण और बिक्री लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। अवैध तरीके से तैयार शराब जहरीली हो सकती है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं होने के साथ जान जाने का भी जोखिम रहता है।उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग की जांच के बाद ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और शराब की आपूर्ति के नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.