जनता की अदालत में अब अपनी मांगें रखेगी किसान जनता पार्टी, 47वें दिन भी जारी रहा बेमियादी धरना।
SHIKHAR DARPANSaturday, October 03, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
किसान जनता पार्टी का बेमियादी धरना शनिवार को 47वें दिन भी जारी रहा। मांगों पर अब तक किसी जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी द्वारा संज्ञान नहीं लिए जाने से नाराज किसानों ने धरना के साथ अब जनता के बीच जाकर अपनी मांगें रखने का निर्णय लिया है। इसे लेकर धरना स्थल पर पार्टी की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए किसान जनता पार्टी के केंद्रीय कमेटी अध्यक्ष सह अधिवक्ता अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि गिरिडीह जिले के करीब 90 प्रतिशत किसानों की जमीन अब भी उनके मृत पूर्वजों के नाम पर दर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराधिकार नामांतरण के लिए रिश्वत की मांग किए जाने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड हाईकोर्ट ने रिट याचिका संख्या 5925/2022 में गिरिडीह जिले के सभी मौजा के रजिस्टर टू की प्रमाणित प्रतिलिपि उपलब्ध कराने का आदेश दिया है, लेकिन अधिकारियों द्वारा आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब पार्टी धरना जारी रखने के साथ-साथ जनता के बीच जाकर अपनी मांगों और समस्याओं को रखेगी। जनता की अदालत में पार्टी की मांगों को रखने के लिए विक्रम मुर्मू, घनश्याम पंडित, संगीता मरांडी, सुंदर मुर्मू, बाटु मरांडी, विपिन बास्के और सुमनि सोरेन की सात सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। कमेटी के सदस्यों ने शनिवार से ही पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न गांवों में अभियान की शुरुआत कर दी है। बैठक में दासो मुर्मू, जहांगीर अंसारी, राजेंद्र यादव, अफसर खान, ललिया देवी, गीता देवी, पानौ हेम्ब्रम, सरिता मरांडी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।