SIR के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी।
SHIKHAR DARPANMonday, September 28, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में किए जा रहे बदलावों के विरोध में सोमवार को गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से विशाल प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिलाएं जुलूस की शक्ल में शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचीं, जहां प्रदर्शन कर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनकी गिरफ्तारी और पद से हटाने की मांग की। इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची में किए जा रहे बदलावों को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया नागरिकों के मताधिकार से सीधे जुड़ी है, इसलिए इसमें पारदर्शिता और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।उन्होंने निर्वाचन आयोग की निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि उपलब्ध रिपोर्टों में मुख्य निर्वाचन आयुक्त से जुड़े निर्णयों पर दो निर्वाचन आयुक्तों द्वारा कई बार आपत्ति दर्ज किए जाने का उल्लेख किया गया है।
उन्होंने निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली, डेटा प्रबंधन और उसके केंद्रीकरण की स्वतंत्र तकनीकी एवं संस्थागत समीक्षा की भी मांग की। सतीश केडिया ने राष्ट्रपति से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों तथा मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा कराने की मांग की। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप भी लगाया, जिसे लेकर कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। कार्यक्रम को अशोक विश्वकर्मा, मोहम्मद अली खान, निजाम अंसारी, मोहम्मद सोहेल, अहमद रजा नूरी, मोतीलाल शास्त्री, अकबर अंसारी, मोहम्मद इम्तियाज, रणधीर चौधरी, निरंजन तिवारी, मनोज राय, इतवारी वर्मा और नागेश्वर मंडल समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा, जिसमें SIR, मतदाता सूची में बदलाव और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र समीक्षा सहित विभिन्न मांगें रखी गईं। कार्यक्रम में मोहम्मद शमी, विमल सिंह, पारस मित्र, दिवाकर सिंह, शिव कुमार राय, रामाशीष तिवारी, सहदेव पासवान, परमेश्वर यादव, पप्पू पांडे, राहुल सिंह, प्रकाश मंडल, कपिल देव राय, अनिल चौधरी, वरुण सिंह, निशाब अहमद, बिलाल अहमद, हुसैनी शाहनवाज आलम, सुलेमान अख्तर, दुर्गा शर्मा, नदीम अख्तर, प्रवीण हेंब्रम, रोशिनता हेंब्रम, शाहिद समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।