Type Here to Get Search Results !

पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी की पत्नी के बारहमी पर शोक जताने पहुंचे कई दिग्गज नेता, आवास पर लगा नेताओं का तांता।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह के पूर्व विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी की पत्नी के निधन के बाद बुधवार को उनकी बारहमी पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को बारहमी पर भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कई बड़े नेता उनके आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की साथ ही पूर्व विधायक की पत्नी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। नेताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के सदस्यों को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने का भरोसा दिलाया।निधन के बाद से ही कई राजनेता पूर्व विधायक के आवास पहुँचे जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, भाजपा प्रदेश प्रभारी कर्मवीर सिंह, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व विधायक लंबोदर महतो, भाजपा नेता विक्रम पांडेय, सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय तथा गोड्डा सांसद फुरकान अंसारी सहित कई प्रमुख नेता शामिल हैं।

नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सभी ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि जीवन में अपनों को खोने का दुख अत्यंत पीड़ादायक होता है। इस कठिन समय में पूरा राजनीतिक और सामाजिक वर्ग परिवार के साथ खड़ा है। पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी की पत्नी के निधन की खबर से गिरिडीह के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक है। उनके विगत 12 दिनों से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।श्रद्धांजलि देने पहुंचे नेताओं ने कहा कि दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करते हैं। इस दौरान पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर नेताओं ने उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

*राजनीतिक मतभेद से ऊपर दिखी संवेदना:-
खास बात यह रही कि श्रद्धांजलि देने वालों में अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े नेता भी शामिल रहे। एक ही स्थान पर विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि दुख और संवेदना के समय राजनीतिक मतभेद पीछे छूट जाते हैं और सभी एक परिवार की तरह शोकाकुल परिजनों के साथ खड़े होते हैं। दिवंगत की अंतिम यात्रा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। उनके निधन से परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों में गहरा दुख व्याप्त है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.