Type Here to Get Search Results !

सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचे बाबूलाल मरांडी, दी श्रद्धांजलि//निधन को बताया झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

झारखंड सरकार के मंत्री सह गिरिडीह सदर विधायक दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के दूसरे दिन सोमवार को उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का सिलसिला जारी रहा। इसी क्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। बाबूलाल मरांडी ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन को झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधारा और पार्टी अलग होने के बावजूद सुदिव्य कुमार सोनू से उनका संवाद और बातचीत होती रहती थी। विधानसभा में भी दोनों के बीच सवाल-जवाब और राजनीतिक बहस के दौरान सुदिव्य कुमार सोनू का मुखर अंदाज देखने को मिलता था।बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू विधानसभा में सरकार का पक्ष मजबूती और पूरी ताकत के साथ रखते थे। विपक्ष के सवालों का वे कड़े, बेबाक और स्पष्ट अंदाज में जवाब देते थे। अपनी बात को मजबूती से रखने की उनकी शैली उनकी राजनीतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा थी। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने की सांत्वना दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से गिरिडीह सहित पूरे झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.