दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू का आज श्राद्धकर्म,मुख्यमंत्री - राज्यपाल समेत कई नेता एवं 40 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान।
SHIKHAR DARPANThursday, September 17, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का द्वादशाकर्म एवं श्राद्धकर्म कार्यक्रम आज17 सितंबर को गिरिडीह स्थित उत्सव उपवन में आयोजित होगा। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और बैठने की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। आम लोगों की भी बड़ी भागीदारी की उम्मीद है। करीब 40 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।कार्यक्रम स्थल पर चार बड़े पंडाल बनाए गए हैं। इनमें दो पंडालों में एक साथ करीब 2500 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धांजलि देने के लिए अलग-अलग स्थान बनाए गए हैं। परिसर में मुख्य द्वार समेत तीन प्रवेश मार्ग हैं, जिनमें एक वीआईपी प्रवेश द्वार है। वीआईपी के लिए अलग वेटिंग हॉल की व्यवस्था की गई है।
लोगों की सुविधा के लिए कई स्थानों पर पेयजल स्टॉल भी लगाए गए हैं।बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन गिरिडीह पहुंचीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।वीआईपी मूवमेंट और संभावित भीड़ को देखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। पार्किंग के लिए छह स्थान चिह्नित किए गए हैं। डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार समेत अन्य अधिकारी लगातार सुरक्षा और व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से रात 12:00 बजे तक गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। बता दें कि सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर को निधन हो गया था। इसके बाद गिरिडीह में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था। आज आयोजित श्राद्धकर्म कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।