मधुबन में भव्य करम महोत्सव, आदिवासी संस्कृति की दिखी अनूठी झलक,मांदर की थाप पर झूमे लोग।
SHIKHAR DARPANSaturday, September 19, 2026
0
मधुबन,शिखर दर्पण संवाददाता।
जैनियों के विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल मधुबन स्थित पारसनाथ मकर संक्रांति मेला मैदान में शनिवार को करम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। आदिवासी संस्कृति और परंपरा को समर्पित इस महोत्सव में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जेएलकेएम नेता रॉकी कुमार,उप प्रमुख महेंद्र महतो, उप मुखिया झरीलाल महतो, मुखिया प्रतिनिधि निर्मल तुरी, उपस्थित हुए। उनके पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया तथा बुके भेंटकर सम्मानित किया। महोत्सव के दौरान प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचीं महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक परिधानों में सजकर करम वृक्ष की पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा करते हुए करमा पर्व की महत्ता से लोगों को अवगत कराया। इस दौरान पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति भी की गई। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। महिलाओं और युवतियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक आदिवासी नृत्य ने लोगों का मन मोह लिया। वहीं झूमर नृत्य के दौरान महिलाएं मांदर की थाप पर जमकर थिरकती नजर आईं। पूरा मेला मैदान लोकगीतों, मांदर और ढोल-नगाड़ों की गूंज से सराबोर रहा। देर शाम तक गीत-संगीत और नृत्य का दौर चलता रहा। महोत्सव को सफल बनाने में सुरेंद्र महतो, गांजो महतो, मनोज कुमार अग्रवाल, नरेश महतो, दीपक कुमार समेत कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों के प्रयास से कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इधर, कार्यक्रम को लेकर मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह पुलिस बल के साथ कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।