Type Here to Get Search Results !

30 दिनों से अंधेरे में कोरियाटोला बस्ती, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित//माले नेता राजेश सिन्हा ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उठाई आवाज।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन क्षेत्र स्थित पीतांबर-कोरियाटोला बस्ती में पिछले करीब 25-30 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से सबसे अधिक असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसकी जानकारी मिलने पर भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा कोरियाटोला बस्ती पहुंचे और महिला-पुरुषों के साथ-साथ बच्चों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।मामले को लेकर राजेश सिन्हा ने बिजली विभाग के एसी शकील अहमद और कार्यपालक अभियंता मृणाल से बात की। अधिकारियों ने दो दिनों के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया है। इस दौरान राजेश सिन्हा ने कहा कि आज के दौर में किसी बस्ती को एक महीने तक बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रखना गंभीर समस्या है।

उन्होंने झारखंड सरकार और बिजली विभाग से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराकर बिजली संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीरटांड़ प्रखंड में बिजली, पेयजल, सड़क, नाली और गली जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं बनी हुई हैं। जमीन से जुड़े मामलों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भी संगठन नजर रख रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संगठन के विस्तार के लिए जल्द ही एक हजार नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। सिन्हा ने बताया कि जिला कमेटी सदस्य अजीत राय लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ा रहे हैं। वहीं नगर कमेटी के सचिव नौशाद आलम ने कहा कि सप्ताह में एक दिन माले के साथी शहर से भी क्षेत्र में पहुंचकर संगठन के विस्तार और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर काम करेंगे। मौके पर सुन्दरी देवी, गुजरी देवी, तारा देवी, ममता देवी, सुमा देवी, गीता देवी, ललिता देवी, हराधन तुरी, अशोक मुईया, चिन्तामणि राय एवं अशोक राय सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.