Type Here to Get Search Results !

पत्थर खनन और ब्लास्टिंग के विरोध में ग्रामीणों ने डीसी से की शिकायत।

डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरी गांव एवं आसपास के ग्रामीणों ने पोरैया पंचायत के सुरजुडीहटांड़ में चल रहे पत्थर खनन, ब्लास्टिंग एवं स्टोन क्रशर का विरोध किया है। ग्रामीणों ने गिरिडीह उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि घनी आबादी, कृषि भूमि, विद्यालय, धार्मिक स्थल एवं सार्वजनिक संपत्तियों के आसपास खनन और ब्लास्टिंग किए जाने से जान-माल की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है। उनका आरोप है कि ब्लास्टिंग के कारण आसपास के मकानों में दरार, तेज कंपन तथा धूल प्रदूषण की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

 शिकायत में ग्रामीणों ने संबंधित खनन एवं क्रशर इकाइयों की पर्यावरणीय स्वीकृति, खनन पट्टा, ब्लास्टिंग लाइसेंस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सहमति तथा ग्रामसभा की अनुमति समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से संयुक्त टीम गठित कर स्थल का भौतिक निरीक्षण कराने तथा विद्यालय, धार्मिक स्थल, आबादी, विद्युत लाइन और कृषि भूमि से निर्धारित सुरक्षित दूरी के नियमों का सत्यापन कराने की भी मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डुमरी विधायक जयराम महतो ने ग्रामीणों की शिकायत पर उचित कार्रवाई के लिए अनुशंसा की है। शिकायत की प्रतिलिपि प्रशासनिक अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच पूरी होने तक मामले में आवश्यक सावधानी बरतने और नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.