Type Here to Get Search Results !

पालगंज में तीसरे दिन भी जंगली हाथियों का उत्पात, कई घर क्षतिग्रस्त//बिछड़े हाथी ने सिमरबेड़ा व कोराटांड़ में मचाया तांडव, फसलें भी बर्बाद।।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड प्रखंड के पालगंज क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार की देर शाम तक हाथियों का झुंड पालगंज के वनपहाड़ी की ओर खेतों में मौजूद रहा। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया। वन विभाग की टीम के प्रयास के दौरान हाथियों का झुंड अलग-अलग हिस्सों में बंट गया। कुछ हाथी जंगल की ओर चले गए, जबकि कुछ बिछड़ गए। बिछड़े हाथियों को भी सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन देर रात एक हाथी आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। इसके बाद हाथी ने पालगंज के सिमरबेड़ा और कोराटांड़ गांव में जमकर उत्पात मचाया। सिमरबेड़ा में हाथी ने ठकरू हांसदा के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी ने घर का दरवाजा तोड़ने के साथ आसपास लगी मकई की फसल को भी रौंदकर बर्बाद कर दिया।

इसके बाद पटिया मुर्मू के घर को भी हाथी ने नुकसान पहुंचाया। वहीं कोराटांड़ में हाथी ने बासदेव राय की मकई की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया। इसके अलावा दिनेश राय के घर की दीवार को भी हाथी ने तोड़ दिया। लगातार आबादी वाले क्षेत्रों में हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीण रातभर जागकर अपने घरों और खेतों की सुरक्षा करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाथियों को जल्द जंगल की ओर नहीं खदेड़ा गया तो आने वाले दिनों में नुकसान और बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को जल्द से जल्द आबादी क्षेत्र से दूर जंगल में खदेड़ने की मांग की है। साथ ही हाथियों के उत्पात से क्षतिग्रस्त हुए घरों और बर्बाद हुई फसलों का जल्द आकलन कर पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा देने की मांग की गई है। लगातार तीसरे दिन हाथियों के उत्पात से पालगंज क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और चिंता बनी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.