सरिया बीडीओ पर केस दर्ज करने की मांग को लेकर धरना, नौ घंटे बाद दर्ज हुई एफआईआर।
SHIKHAR DARPANWednesday, September 09, 2026
0
गिरिडीह/सरिया,शिखर दर्पण संवाददाता।
सरिया प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर पूर्व विधायक एवं भाकपा माले नेता विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में चल रहा धरना-प्रदर्शन आखिरकार रंग लाया। करीब नौ घंटे तक चले आंदोलन के बाद सरिया थाना में बीडीओ के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। बताया गया कि पीड़ित आजाद अंसारी के आवेदन के आलोक में सरिया थाना में कांड संख्या 141/26 दर्ज किया गया है। मामले में सरिया बीडीओ ललित नारायण तिवारी को आरोपी बनाया गया है। इससे पहले बीडीओ पर मामला दर्ज करने की मांग को लेकर पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह समर्थकों के साथ धरना पर बैठे थे।
इस दौरान उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीड़ित को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना के दौरान विधायक विनोद कुमार सिंह का आक्रोशित तेवर भी देखने को मिला। मामले को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम के निर्देश के बाद पुलिस ने पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की। FIR दर्ज होने की जानकारी मिलते ही धरना समाप्त कराया गया।करीब नौ घंटे तक चले इस आंदोलन के बाद मामला दर्ज होना आंदोलनकारियों की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। एफआईआर में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।