दिनदहाड़े घर में घुसे छह डकैत, महिला को बंधक बनाकर जेवरात व नकदी लूटी//दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे अपराधी, वारदात के बाद हुए फरार।
SHIKHAR DARPANThursday, September 10, 2026
0
गांडेय,शिखर दर्पण संवाददाता।
अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पंचनटांड गांव में बुधवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने घर में मौजूद एक महिला को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए सोने के दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी पायल तथा करीब पांच हजार रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद सभी अपराधी बाइक से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, अपराधी अचानक घर में दाखिल हुए और महिला को अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद उसके साथ मारपीट कर घर में रखे जेवरात और नकदी अपने साथ ले गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पंचनटांड समेत आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटना से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।