जहांगीर अंसारी की गिरफ्तारी के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, प्रशासन के खिलाफ जमकर की नारेबाजी।
SHIKHAR DARPANTuesday, September 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
किसान जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य जहांगीर अंसारी की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को किसानों ने पपरवाटांड़ स्थित सीसीएल मैदान में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने “जेल का ताला टूटेगा, जहांगीर अंसारी छूटेगा”, “जहांगीर तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं”, “जहांगीर अंसारी मत घबराना, तेरे साथ है सारा जमाना” और “किसानों का नेता कैसा हो, जहांगीर अंसारी जैसा हो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान जनता पार्टी के केंद्रीय कमिटी अध्यक्ष सह अधिवक्ता अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड हाईकोर्ट द्वारा रिट याचिका संख्या 5925/2022 में गिरिडीह जिले के सभी मौजा की जमीन की जमाबंदी से संबंधित रजिस्टर टू की प्रमाणित प्रतिलिपि उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है। इसी मांग सहित अन्य मांगों को लेकर किसान जनता पार्टी के लोग पिछले 15 दिनों से अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के आंदोलन से जिला प्रशासन बौखला गया है और इसी कारण गांडेय पुलिस के माध्यम से वर्ष 2018 के एक मामले का हवाला देकर जहांगीर अंसारी को गिरफ्तार किया गया है।
उनका दावा है कि वर्ष 2018 में ही उक्त मामले में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के समक्ष दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका था। किसान जनता पार्टी के संरक्षक घनश्याम पंडित ने कहा कि प्रशासन की ओर से पार्टी के अध्यक्ष, सचिव, संयोजक समेत कई पदाधिकारियों को नोटिस देकर गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान प्रशासन के दबाव से डरने वाले नहीं हैं और अन्याय एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, कार्यालय सचिव विजय कुमार ने कहा कि किसानों का धरना तब तक समाप्त नहीं होगा, जब तक प्रशासन सभी किसानों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेज देता या फिर मृत पूर्वजों के नाम दर्ज जमीन की जमाबंदी उनके जीवित उत्तराधिकारियों के नाम पर कायम कर लगान रसीद निर्गत करने की प्रक्रिया शुरू नहीं करता। प्रदर्शन में दासो मुर्मू, बिरजू राय, मोहम्मद कैफ, अफसर खान, खुशबु देवी, बाटु मरांडी, कामेश्वर मंडल, टिपण्ण ठाकुर, संतोष बास्के, शामु बास्के, ललिया देवी, संगीता मरांडी, रोहित पंडित, सुनील साहू, धनेश्वर महतो, छत्रधारी सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।