Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह कॉलेज की अनियमितताओं को लेकर अभाविप ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने मामले को राज्यपाल सह विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष गंगवार के समक्ष उठाया। प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी के नेतृत्व में अभाविप के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर दस्तावेज एवं साक्ष्यों के साथ विस्तृत ज्ञापन सौंपा। अभाविप ने पूरे मामले की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय समिति से निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की। संगठन ने जांच पूरी होने तक संबंधित पदाधिकारियों को प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्वों से अलग रखने की भी मांग रखी, ताकि जांच के दौरान अभिलेखों को प्रभावित किए जाने की आशंका न रहे। संगठन के अनुसार, परीक्षा बिल, मानदेय भुगतान, हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज, उपस्थिति पंजी, परीक्षा रिकॉर्ड, IGNOU अध्ययन केंद्र से जुड़े अभिलेख, कार्यालयीय पत्राचार एवं बैंक संबंधी दस्तावेज सहित कई रिकॉर्ड जांच के लिए उपलब्ध हैं।

अभाविप ने आवश्यकता पड़ने पर हस्ताक्षरों और वित्तीय लेन-देन का फोरेंसिक ऑडिट कराने की मांग भी की। प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि संगठन किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष या विपक्ष में नहीं है। मांग केवल निष्पक्ष जांच की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि यदि जांच में वित्तीय या प्रशासनिक अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधित लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि राज्यपाल संतोष गंगवार ने मामले को गंभीरता से सुना और संबंधित विश्वविद्यालय को लोक भवन से जल्द सूचना जारी करने का आश्वासन दिया। अभाविप ने कहा कि विद्यार्थियों के हित, पारदर्शी प्रशासन और निष्पक्ष जांच को लेकर संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाता रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में प्रांत अध्यक्षा डॉ. मौसमी पॉल, प्रांत संगठन मंत्री पशुपति नाथ उपमन्यु, प्रदेश सह मंत्री अभय वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.