Type Here to Get Search Results !

सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादश कार्यक्रम में जुटीं राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां, हेमंत सोरेन सहित कई मंत्री ने दी श्रद्धांजलि।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

झारखंड के दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादश कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को गिरिडीह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों का जुटान हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक हरसिंगरायडीह स्थित उत्सव उपवन पहुंचे और दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत अन्य मंत्री और विधायक गिरिडीह के बोडो हवाई अड्डे पहुंचे। यहां से सभी सड़क मार्ग से हरसिंगरायडीह स्थित उत्सव उपवन पहुंचे। द्वादश कार्यक्रम के दौरान दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पूरे परिसर का माहौल भावुक रहा। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक, शुभचिंतक और आम लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, दीपक बिरुआ, इरफान अंसारी और हफीजुल हसन समेत राज्य सरकार के कई मंत्री शामिल हुए।

वहीं कोडरमा विधायक नीरा यादव सहित अन्य विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने भी उत्सव उपवन पहुंचकर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू को याद करते हुए कहा कि उनके असमय निधन से केवल गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के मजबूत स्तंभ थे और संगठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर अपनी जिम्मेदारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया। उनके निधन से जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई आसान नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के साथ उनका लंबे समय से राजनीतिक और व्यक्तिगत जुड़ाव रहा था। उनके निधन से उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है। द्वादश कार्यक्रम में पहुंचे नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.