Type Here to Get Search Results !

सुदिव्य सोनू का निधन झामुमो के लिए बड़ी क्षति, भरपाई करना कठिन : हेमंत सोरेन।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को गिरिडीह के उत्सव उपवन में आयोजित दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशा-श्राद्धकर्म में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य सोनू का निधन झामुमो के लिए बहुत बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई करना कठिन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बतौर मंत्री सुदिव्य सोनू की सक्रियता किसी से छिपी नहीं थी। उनमें समाज और राज्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को मजबूती से अपने कंधों पर उठाने का हौसला और जुनून था। उन्होंने लंबे समय तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को दिशा देने का काम किया। 

हेमंत सोरेन ने कहा कि अभी भी मन यह मानने को तैयार नहीं है कि सुदिव्य सोनू अब उनके बीच नहीं हैं, लेकिन विधि के विधान को न तो टाला जा सकता है और न ही बदला जा सकता है। इसी विधानचक्र के साथ सभी को आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी निश्चित रूप से सुदिव्य सोनू की ऋणी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य सोनू के श्राद्धकर्म में कई लोग दलगत भावना से ऊपर उठकर शामिल हुए हैं। अंतिम यात्रा से लेकर अब तक उन्होंने जो देखा और सुना, उससे स्पष्ट है कि सुदिव्य सोनू ऐसे व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होंने पार्टी के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों की समस्याओं और उनकी पहचान को लेकर आगे बढ़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सभी लोग सुदिव्य सोनू के परिवार के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू भले ही अब उनके बीच नहीं हैं, लेकिन एक मिसाल के तौर पर हमेशा कायम रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.