मौत और जिंदगी के बीच जूझ रही संजू, इलाज के लिए मदद की आस//पिता ने बेटी के इलाज में सब कुछ लगाया दांव पर, अब समाजसेवी और मददगारों से उम्मीद।
SHIKHAR DARPANSunday, September 13, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
जमुआ प्रखंड की नावाडीह पंचायत के दुम्मा गांव निवासी राजू ठाकुर की 20 वर्षीय पुत्री संजू कुमारी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। संजू कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। बेटी के इलाज के लिए पिता राजू ठाकुर अपनी जमा-पूंजी से लेकर जरूरी संसाधनों तक सब कुछ दांव पर लगा चुके हैं, लेकिन लगातार इलाज के बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति अब जवाब देने लगी है। परिवार के सामने बेटी का इलाज जारी रखना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। राजू ठाकुर बताते हैं कि बेटी के इलाज की उम्मीद लेकर उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी मदद की गुहार लगाई। वे वर्तमान विधायक के पास भी इलाज में सहायता की उम्मीद लेकर पहुंचे थे।
उनका कहना है कि वहां से भी उन्हें अपेक्षित मदद नहीं मिल सकी। ऐसे में परिवार की उम्मीद अब समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और सक्षम लोगों पर टिकी है। परिवार का कहना है कि कैंसर का इलाज लंबा और खर्चीला है। दवाइयों, जांच और अस्पताल के खर्च ने परिवार की आर्थिक कमर तोड़ दी है। पिता की सबसे बड़ी चिंता यह है कि पैसे के अभाव में कहीं बेटी का इलाज अधूरा न रह जाए। राजू ठाकुर ने समाज के सक्षम लोगों से संजू के इलाज में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी ऐसे मददगार और समाजसेवी का इंतजार है, जो उनकी बेटी के इलाज के लिए आगे आए और उसकी जिंदगी बचाने में मदद करे। संजू के परिवार को उम्मीद है कि समाज के लोग मानवीय संवेदना दिखाते हुए संकट की इस घड़ी में उनका साथ देंगे।