दिवंगत मंत्री के आवास पहुंचकर परिजनों से मिले एवं पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी से भी की मुलाकात आदित्य साहू।
SHIKHAR DARPANSunday, September 13, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू रविवार को गिरिडीह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद आदित्य साहू ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज और राजनीतिक जगत परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य रखने की शक्ति मिलने की कामना की। मीडिया से बातचीत करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक ऊर्जावान और सक्रिय मंत्री के रूप में जाने जाते थे। सार्वजनिक जीवन में उनकी सक्रियता और आम लोगों से जुड़ाव उनकी विशेष पहचान थी। उन्होंने कहा कि कम उम्र में उनका निधन झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि खो दिया है। जनहित के कार्यों और लोगों के बीच उनकी सक्रियता को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
*इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू पूर्व विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी की धर्मपत्नी के निधन के बाद उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल सुकुल परिवार एवं पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। इस दौरान भाजपा नेता चुन्नू कांत, भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय, विनय सिंह, जमुआ विधायक मंजू कुमारी, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, सजीत सिंह पप्पू, दिलीप वर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।