दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में बनियाडीह में श्रद्धांजलि सभा, उमड़ी हजारों की भीड़।
SHIKHAR DARPANSunday, September 13, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में रविवार को सदर प्रखंड के बनियाडीह में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में हजारों की संख्या में लोग उमड़े। सुदूरवर्ती गांवों से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन रहा। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री हफिजूल हसन अंसारी, राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम, जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा, झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह, मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने सुदिव्य कुमार सोनू की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभा के दौरान दिवंगत नेता के राजनीतिक जीवन और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए कई लोग भावुक हो गए। वक्ताओं की आंखों से आंसू छलक पड़े। वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन पार्टी, सरकार और आम जनता के लिए अपूरणीय क्षति है। मंत्री हफिजूल हसन अंसारी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू जैसे जननेता बहुत कम धरती पर आते हैं।
उनकी सोच, हाजिरजवाबी, दूरदर्शिता और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की क्षमता उन्हें अलग पहचान देती थी। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से जो रिक्तता पैदा हुई है, उसे लंबे समय तक महसूस किया जाएगा। वे संगठन और क्षेत्र की जनता से लगातार जुड़े रहे। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू उनके लिए बड़े भाई के समान थे। उनके निधन से वे बेहद आहत हैं और इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत नेता के साथ बिताए पलों को याद करते हुए भावुक हो गए।श्रद्धांजलि सभा का धन्यवाद ज्ञापन जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने किया। मौके पर प्रणव वर्मा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, जिला प्रवक्ता कृष्णमुरारी शर्मा, अंकित सहाय, रॉकी सिंह, दारा हाजरा, शाहनवाज अंसारी,अभय सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।