Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में पुलिस की वर्दी पहनकर आए अपराधियों ने महिला को लिया झांसे में, साढ़े तीन लाख के जेवरात ठगे।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

शहर में अपराधियों ने पुलिस की वर्दी का सहारा लेकर एक महिला से करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवरात ठग लिए। घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पूरी वारदात पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।जानकारी के अनुसार, सिहोडीह निवासी सीमा कुमारी तीज की खरीदारी के लिए बाजार जा रही थीं। उन्होंने गले में सोने की चेन और हाथ में अंगूठी पहन रखी थी। इसी दौरान रास्ते में चार युवक पहुंचे और खुद को मुफस्सिल थाना का पुलिसकर्मी बताया। इनमें से एक युवक पुलिस की वर्दी में था। आरोप है कि युवकों ने महिला को डराते हुए कहा कि शहर में लूटपाट की घटनाएं बढ़ रही हैं और इतना जेवर पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है।

इसके बाद बदमाशों ने सुरक्षा के नाम पर महिला से अपने जेवर एक पुड़िया में रखने को कहा। पुलिसकर्मी समझकर महिला ने भरोसा कर करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवरात पुड़िया में रख दिए। इसी दौरान अपराधियों ने चालाकी से असली पुड़िया बदल दी और महिला को दूसरी पुड़िया थमा दी। इसके बाद सभी वहां से फरार हो गए। घर पहुंचकर जब महिला ने पुड़िया खोली तो उसमें जेवर की जगह कागज के टुकड़े मिले। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पीड़िता ने मुफस्सिल थाना में शिकायत दर्ज कराई। वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति पुलिसकर्मी बनकर रास्ते में जेवर उतारने या किसी सामान को पुड़िया में रखने के लिए कहता है तो उस पर भरोसा न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता के लिए 112 पर कॉल करें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.