Type Here to Get Search Results !

'वोट चोरी’ के आरोपों पर बाबूलाल मरांडी का राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

भाजपा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से चुनाव प्रक्रिया और कथित ‘वोट चोरी’ को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता से बाहर होने के बाद लगातार अलग-अलग मुद्दों के जरिए चुनाव प्रक्रिया, ईवीएम और केंद्र सरकार पर सवाल उठाती रही है, लेकिन आरोपों के समर्थन में ठोस प्रमाण सामने नहीं रखे गए हैं। मरांडी ने कहा कि कभी ईवीएम, कभी राफेल और अब ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाया जा रहा है। उनके अनुसार, मुद्दे बदलते रहे हैं, लेकिन कांग्रेस का रवैया नहीं बदला। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयानों के जरिए जनता को गुमराह करने और देश में भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने हाल के चुनाव आयोग से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि आयोग की ओर से अपनी स्थिति स्पष्ट की गई है। मरांडी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों पर चुनाव आयोग कई मौकों पर जवाब दे चुका है। वहीं, राहुल गांधी ने सितंबर में फिर ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। मरांडी ने राहुल गांधी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस को उनके बयानों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और “राहुल गांधी का अच्छे से मानसिक इलाज कराना चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल मोदी सरकार को बदनाम करने के लिए लगातार नए मुद्दे उठा रहे हैं।

*विदेश नीति को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना:-
बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पर विदेश नीति से जुड़े मामलों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से कई बार ऐसे बयान दिए जाते हैं, जिन्हें वे पाकिस्तान और चीन के हितों के अनुरूप मानते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस और विपक्षी दलों के राजनीतिक रवैये को देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी। मरांडी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के बीच राजनीतिक दलों को अपने आरोपों के साथ ठोस तथ्य भी सामने रखने चाहिए। ‘वोट चोरी’ को लेकर कांग्रेस, भाजपा और चुनाव आयोग के बीच सार्वजनिक बहस जारी है। मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष रंजीत राय, भाजपा नेता चुन्नूकांत, नवीन सिन्हा, मनोज संघई, सिकंदर हेंब्रम एवं महिला नेत्री संगीता सेठ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.