शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि।
SHIKHAR DARPANMonday, September 07, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड सरकार के नगर विकास एवं उच्च तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से पूरे गिरिडीह में शोक की लहर है। उनके निधन पर सोमवार को बरगंडा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। दिवंगत मंत्री के सम्मान में विद्यालय में सोमवार को पठन-पाठन पूर्णतः बंद रखा गया। शोक सभा के दौरान विद्यालय के सभी आचार्य बंधु, दीदी जी एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन झारखंड की राजनीति और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री मिलनसार स्वभाव के साथ विकास के प्रति समर्पित जननेता थे। उनके निधन से समाज ने एक कर्मठ और संवेदनशील जनप्रतिनिधि को खो दिया है। विद्यालय मीडिया प्रभारी डॉ. ब्रजेश बर्णवाल ने बताया कि शोक सभा में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।