Type Here to Get Search Results !

मिर्जाडीह-बजटो के बीच जंगल में पहुंचा हाथियों का झुंड, ड्रोन से निगरानी कर रहा वन विभाग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

सदर प्रखंड के मिर्जाडीह और बजटो के बीच बराकर नदी किनारे स्थित साल के जंगल में इन दिनों हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है और लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल की टीम द्वारा हाथियों के झुंड की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे की भी मदद ली जा रही है। ड्रोन के जरिए हाथियों के मूवमेंट की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उनकी दिशा और गतिविधियों पर नजर रखी जा सके तथा आवश्यकता पड़ने पर आसपास के ग्रामीणों को समय रहते सतर्क किया जा सके।

वन विभाग ने लोगों से हाथियों के आसपास जाने और उन्हें परेशान करने से बचने की अपील की है। विभाग का कहना है कि हाथियों का शांतिपूर्ण विचरण जंगल के प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में सावधानी और जागरूकता के साथ मानव एवं हाथी के बीच सुरक्षित सह-अस्तित्व बनाए रखना जरूरी है। सहायक वन संरक्षक एसके रवि, गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल ने बताया कि वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.