पति ने रस्सी से बांधकर पत्नी को लटकाया, हत्या के प्रयास का आरोप; आरोपी गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANTuesday, September 01, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
खुखरा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद को लेकर एक महिला ने अपने पति पर मारपीट करने और रस्सी से बांधकर लटकाकर जान से मारने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के आवेदन पर खुखरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पीड़िता आरती देवी (32) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में रवि कुमार सिंह, पिता रामदेव सिंह, के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ वर्षों बाद से ही पति उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करता रहा है। महिला के अनुसार, 27 अगस्त 2025 को पति ने उसके साथ मारपीट की और रस्सी से बांधकर घर में लगी लकड़ी के सहारे लटका दिया।
इस दौरान उसकी सांस घुटने लगी और वह बोलने की स्थिति में नहीं रही। महिला के बेटे द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारा। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से महिला को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब तीन दिनों तक उसका इलाज चला। उपचार के बाद वह घर लौटी। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला का आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।