अनियंत्रित कार मोटरसाइकिल गैरेज में घुसी, दुकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त//हादसे में हजारों रुपये का नुकसान, रात होने के कारण टली बड़ी घटना।
SHIKHAR DARPANTuesday, September 01, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चिताखारो गांव में सोमवार की देर रात करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार मोटरसाइकिल गैरेज में जा घुसी। हादसे में गैरेज के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा और हजारों रुपये की संपत्ति क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि घटना के समय गैरेज बंद था और परिवार के लोग बगल स्थित घर में सो रहे थे, जिससे किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई।बताया जाता है कि चिताखारो स्थित मंडल ऑटो सर्विस सेंटर में देर रात अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर गैरेज संचालक मुकेश मंडल और उनके परिवार के लोग घबरा गए। जब वे घर से बाहर निकलकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक कार गैरेज के अगले हिस्से को तोड़ते हुए अंदर घुस गई है।गैरेज संचालक मुकेश मंडल ने बताया कि प्रतिदिन की तरह सोमवार की रात भी खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरे में सोने चले गए थे।
करीब 12 बजे अचानक जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखने पर कार संख्या JH 01 EF 2454 गैरेज में घुसी हुई मिली।घटना की जानकारी तत्काल आसपास के ग्रामीणों को दी गई। इसके बाद ग्रामीणों और गैरेज संचालक के सहयोग से दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। संचालक का आरोप है कि चालक नशे की हालत में था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।मुकेश मंडल के अनुसार, कार की टक्कर से गैरेज का अगला हिस्सा समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हुआ है, जिससे उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि दिन के समय गैरेज में ग्राहकों की काफी आवाजाही रहती है। यदि यह घटना दिन में होती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।रात का समय होने के कारण दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल बना हुआ है।