Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ में हाथियों का उत्पात जारी, बाउंड्री तोड़ी, फसलें रौंदी//32 हाथियों का झुंड अलग-अलग समूहों में बंटकर मचा रहा उत्पात, लाखों की संपत्ति व फसल बर्बाद, ग्रामीणों में दहशत।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

पीरटांड़ प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। करीब 32 हाथियों का झुंड अलग-अलग समूहों में बंटकर विभिन्न गांवों में घूम रहा है। हाथियों के झुंड ने कई गांवों में किसानों की फसलों को रौंदने के साथ घरों और खेतों की बाउंड्री को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। लगातार हो रहे नुकसान से ग्रामीणों में भय का माहौल है। रात होते ही ग्रामीण अपने घरों और खेतों की सुरक्षा के लिए रतजगा करने को मजबूर हैं। इधर, बुधवार की रात करीब नौ बजे हाथियों का झुंड पालगंज गांव में प्रवेश कर गया। इस दौरान हाथियों ने कई ग्रामीणों की बाउंड्री तोड़ने के साथ खेतों में लगी धान, मकई, अरहर, भिंडी समेत अन्य फसलों को बर्बाद कर दिया। पालगंज निवासी राजकुमार सिंह की बाउंड्री तोड़ने के साथ धान और मकई की फसल को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे करीब 60 हजार रुपये की क्षति बताई गई है।

सरिता देवी की मकई की फसल को करीब 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ। वहीं नुनेश्वर सिंह की बारी की बाउंड्री तोड़ने के साथ मकई, अरहर और भिंडी की फसल बर्बाद कर दी गई, जिससे करीब 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। इसी तरह बिंदेश्वर सिंह की पांच जगहों पर बाउंड्री तोड़ दी गई। रेखा देवी की फसल को भी हाथियों ने भारी नुकसान पहुंचाया, जिससे करीब एक लाख रुपये की क्षति बताई जा रही है। राजेंद्र सिंह की तीन जगहों पर बाउंड्री तोड़ी गई, जबकि मीना देवी की अरहर और मकई की फसल को हाथियों ने बर्बाद कर दिया।शुभाष सिंह की तीन जगहों पर बाउंड्री तोड़े जाने से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान बताया गया है। महेंद्र सिंह की भी तीन जगहों पर बाउंड्री क्षतिग्रस्त कर दी गई। इसके अलावा यशवंत सिंह की मकई और लाहर की फसल, श्री प्रसाद राम की बाउंड्री, टीका राय की मकई तथा पंकज सिंह की बाउंड्री को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है।

*पाण्डेयडीह के पथलगढ़वा में भी मचाया उत्पात*
हाथियों का झुंड पाण्डेयडीह क्षेत्र के पथलगढ़वा भी पहुंचा, जहां चार घरों और खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाया गया। हाथियों के अलग-अलग समूहों में घूमने के कारण ग्रामीणों को उनकी सही स्थिति का पता नहीं चल पा रहा है। इससे लोगों में भय और बढ़ गया है।
*वन पहरी जंगल में मौजूद है हाथियों का झुंड*
फिलहाल वन विभाग के अनुसार हाथियों का झुंड पालगंज क्षेत्र के वन पहरी जंगल में मौजूद है। जंगल के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को आशंका है कि हाथी दोबारा आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश कर सकते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने, उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा प्रभावित किसानों की फसल और संपत्ति के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों ने हाथियों के लगातार बढ़ते उत्पात को देखते हुए क्षेत्र में पर्याप्त निगरानी व्यवस्था करने और हाथियों के सुरक्षित आवागमन के लिए वन क्षेत्र में कॉरिडोर विकसित करने की भी मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.