Type Here to Get Search Results !

डुमरी में 25 हाथियों के झुंड से दहशत, वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत छोटकी बैरगी (बड़की बैरगी पंचायत) के जंगल में इन दिनों 25 हाथियों का झुंड मौजूद है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। वन विभाग ने बड़की बैरगी, बेरहा सुईयाडीह, ससारखो, जरीडीह, नागाबाद, खुदीसार एवं जीतकुंडी पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों के ग्रामीणों को शाम के बाद अंधेरा होने पर घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। साथ ही आसपास के लोगों को भी सतर्क करने को कहा गया है।

ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों के झुंड के आसपास भीड़ न लगाएं, हल्ला न करें और हाथियों को देखने या वीडियो बनाने के लिए उनके करीब जाने का प्रयास न करें। आक्रोशित होने पर हाथी अचानक हमला कर सकते हैं, जिससे जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है। वन विभाग के अनुसार एलिफेंट ड्राइव टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। झुंड जिस दिशा में आगे बढ़ेगा, उसकी जानकारी समय-समय पर ग्रामीणों को दी जाएगी। विभाग ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.