Type Here to Get Search Results !

बगोदर में सामाजिक कार्यकर्ता मिथिलेश यादव की हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया NH जाम।

बगोदर,शिखर दर्पण संवाददाता। 

गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला में शुक्रवार की अहले सुबह सामाजिक कार्यकर्ता मिथिलेश यादव की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। जीटी रोड के सर्विस रोड स्थित कपसा मोड़ के पास मिथिलेश यादव का खून से लथपथ शव मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही बगोदर पुलिस सक्रिय हुई। एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार और थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हत्या से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।
*नेताओं ने घटनास्थल पर पहुंचकर लिया जायजा:-
घटना की जानकारी मिलने के बाद बगोदर विधायक नागेंद्र महतो और पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों ने मामले की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में बातचीत की। मौके पर प्रमुख आशा राज, उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह, भाकपा माले नेता रामेश्वर यादव समेत कई स्थानीय नेता और राजनीतिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

*हत्या के विरोध में NH जाम:-
सामाजिक कार्यकर्ता की हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने विरोध में नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से हत्यारों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने और मामले का शीघ्र उद्भेदन करने की मांग की। सड़क जाम होने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
विधायक नागेंद्र महतो ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए प्रशासन से अपराधियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। वहीं पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने भी पुलिस से जांच में तेजी लाने और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की अपील की।
*साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी पुलिस:-
एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों के बयान और फोरेंसिक जांच समेत विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल हत्या के कारण और वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान को लेकर जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है तथा लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.