उपायुक्त ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में NCORD समिति की बैठक कर मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर दिए सख्त निर्देश।
SHIKHAR DARPANMonday, August 24, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन कमेटी (NCORD) की बैठक की। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती, नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, सेवन एवं प्रतिबंधित मादक फसलों की खेती के विरुद्ध जिला प्रशासन की नीति स्पष्ट एवं सख्त है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने, अवैध खेती की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने तथा संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि नशा उन्मूलन के लिए प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता और विभागीय समन्वय भी जरूरी है। पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, औषधि नियंत्रण सहित संबंधित विभाग संयुक्त रूप से प्रभावी रणनीति के तहत कार्य करें तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं और आमजन को जागरूक किया जाए। बैठक में औषधि निरीक्षक को नशीली दवाओं के भंडारण एवं बिक्री की नियमित जांच करने, चिकित्सकीय पर्ची के बिना दवाओं की बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने तथा अभिलेखों की जांच के निर्देश दिए गए। अवैध रूप से चिकित्सकीय गतिविधियां संचालित करने वाले झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, वीसी के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।