जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित पेपर लीक के विरोध में छात्र आंदोलन को भाजयुमो का समर्थन।
SHIKHAR DARPANSaturday, August 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जेपीएससी एवं जेएसएससी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने समर्थन देने की घोषणा की है। शनिवार को गिरिडीह के नए परिषदन भवन में भाजयुमो जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी एवं प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर आंदोलन और संगठन की आगामी रणनीति की जानकारी दी। प्रेस वार्ता में भाजयुमो नेताओं ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के आरोप लगातार सामने आते रहे हैं। पूर्व में भी कई प्रतियोगी परीक्षाएं अनियमितताओं के कारण प्रभावित हुई हैं। इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों में नाराजगी है और उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी ने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और संगठन उनके आंदोलन के साथ खड़ा है। परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने बताया कि 10 अगस्त को रांची में विधानसभा घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने गिरिडीह समेत पूरे झारखंड से भाजयुमो कार्यकर्ताओं, छात्रों और उनके अभिभावकों से बड़ी संख्या में रांची पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया। भाजयुमो नेताओं ने सरकार से प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे परीक्षा व्यवस्था में छात्रों का विश्वास कायम किया जा सकेगा।