आंदोलन का असर, चिरकीडीह गली से हटेगी सरकारी शराब दुकान//स्थानीय लोगों के विरोध के बाद मुख्य सड़क पर दुकान शिफ्ट करने की तैयारी।
SHIKHAR DARPANSaturday, August 08, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ बाजार के चिरकीडीह जाने वाली गली में संचालित सरकारी शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा चलाए गए आंदोलन का असर अब दिखाई देने लगा है। स्थानीय लोगों के लगातार विरोध और धरना-प्रदर्शन के बाद अब सरकारी शराब दुकान को गली से हटाकर मुख्य सड़क पर संचालित करने की तैयारी है। चिरकी पंचायत के मुखिया सोमरा हेंब्रम ने शनिवार को बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि चिरकीडीह गली में संचालित शराब दुकान को वहां से हटा दिया गया है। अब दुकान को मुख्य सड़क पर संचालित किए जाने की बात सामने आ रही है। बताया जाता है कि चिरकीडीह गली में पिछले कई वर्षों से सरकारी शराब की दुकान संचालित हो रही थी। धीरे-धीरे यह क्षेत्र पारिवारिक मोहल्ले में तब्दील हो गया। गली से बड़ी संख्या में बच्चों और बच्चियों का आवागमन होता है।
ऐसे में शराब दुकान के संचालन से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों ने कई बार दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद पीरटांड़ प्रमुख सबिता टुडू, चिरकी पंचायत के मुखिया सोमरा हेंब्रम और भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्याम प्रसाद के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने आंदोलन शुरू किया। लोगों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए शराब दुकान को गली से हटाने की मांग की थी। विरोध के दौरान दुकान को बंद भी कराया गया था। स्थानीय लोगों के आंदोलन के बाद अब शराब दुकान को गली से हटाने का निर्णय लिया गया है। मुखिया सोमरा हेंब्रम ने कहा कि मुख्य सड़क पर दुकान संचालित किए जाने की सूचना मिली है। गली से शराब दुकान हटने की खबर के बाद स्थानीय लोगों में राहत की भावना है।