अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम।
SHIKHAR DARPANThursday, August 20, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
डुमरी थाना क्षेत्र के घुजाडीह स्थित मिणा जनरल अस्पताल के समीप एनएच-19 पर गुरुवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान बगोदर थाना क्षेत्र के पोखरिया निवासी स्व. धनी महतो के पुत्र चिंतामणी महतो (55) के रूप में हुई है। बताया गया कि चिंतामणी महतो बाइक से लुकैया से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान घुजाडीह मिणा जनरल अस्पताल के समीप एनएच-19 पर अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जानकारी जुटाई जा रही है।इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक बिनोद सिंह अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की छोटी बहू ललिया कुमारी ने बताया कि चिंतामणी महतो लुकैया से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। परिजनों के अनुसार मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।