22 एवं 23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होगा दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने हेतु द्वितीय विशेष कैंप।
SHIKHAR DARPANThursday, August 20, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सहभागी रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 22 एवं 23 अगस्त 2026 को दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने हेतु द्वितीय विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 05 अगस्त 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जा चुका है। प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की निर्धारित अवधि 05 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक है। इसी क्रम में 22 एवं 23 अगस्त को आयोजित होने वाले विशेष कैंप के माध्यम से आम नागरिकों को अपने नाम एवं मतदाता सूची से संबंधित विवरणों की जांच करने तथा आवश्यकतानुसार दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि विशेष कैंप के दौरान प्राप्त होने वाले प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का नियमानुसार संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम, पता एवं अन्य विवरणों का सत्यापन अवश्य करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा किसी प्रविष्टि में त्रुटि है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक प्रपत्र के माध्यम से दावा प्रस्तुत करें। वहीं, अपात्र अथवा मृत व्यक्ति के नाम जैसी त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में भी नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
*सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगी आवश्यक सुविधाएं:- 22 एवं 23 अगस्त को आयोजित विशेष कैंप के दौरान संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी एवं दावा-आपत्ति दर्ज कराने में आवश्यक सहयोग मिल सके। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को कैंप के प्रभावी संचालन एवं प्राप्त दावों-आपत्तियों के नियमानुसार निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने विशेष रूप से युवा एवं नए मतदाताओं, महिला मतदाताओं तथा ऐसे सभी पात्र नागरिकों, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदाता सूची में भागीदारी सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आम मतदाताओं से अपील की कि 22 एवं 23 अगस्त को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और आवश्यकता होने पर दावा एवं आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, समावेशी, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।